Skip to Content

ग्रीन गुब्बारों के साथ नशा-मुक्त समाज का संदेश

बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन का मॉडल थाना परिसर में जागरूकता अभियान
9 January 2026 by
Buxar Medical City, Buxar Medical City

बक्सर | 04 जनवरी 2026

बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आज बक्सर शहर के मॉडल थाना परिसर के समक्ष एक प्रेरणादायी एवं प्रतीकात्मक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के विरुद्ध सकारात्मक सोच विकसित करना तथा आम नागरिकों को नशा-मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बक्सर थाना प्रभारी श्री मनोज कुमार सिंह रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी प्रभावशाली बना दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आम नागरिक, युवा वर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता, पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी तथा फाउंडेशन के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर एक संक्षिप्त संवाद से हुई। इसके उपरांत उपस्थित सभी लोगों को नशा-मुक्त जीवन अपनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके बाद प्रतीकात्मक रूप से ग्रीन गुब्बारों को आकाश में छोड़कर यह संदेश दिया गया कि नशा-मुक्त समाज ही स्वस्थ परिवार, सुरक्षित भविष्य और सशक्त राष्ट्र की सच्ची नींव है।

मुख्य अतिथि श्री मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज नशा अपराध, सड़क दुर्घटनाओं और सामाजिक अव्यवस्था का एक बड़ा कारण बनता जा रहा है। इससे निपटने के लिए केवल कानून ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने ऐसे जन-जागरूकता अभियानों को समय की आवश्यकता बताया।

वहीं बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन के निदेशक श्री राम नारायण ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गहराई से प्रभावित करता है। इसके विरुद्ध निरंतर जन-जागरूकता, शिक्षा और सामाजिक संवाद ही सबसे प्रभावी हथियार हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फाउंडेशन भविष्य में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। मीडिया प्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सामाजिक उपयोगिता की सराहना की।

फाउंडेशन द्वारा यह भी घोषणा की गई कि नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत 15 जनवरी 2026 को चाणक्य एकेडमी महिला कॉलेज, सरेंजा, बक्सर में छात्राओं के लिए एक नशा-विरोधी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवतियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशा-मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना है।

इस सफल आयोजन में फाउंडेशन के निदेशक राम नारायण के साथ-साथ पंकज मानसिंहका, उज्ज्वल महिला विकास केंद्र के सचिव रमा शंकर सिंह, रेड क्रॉस के सचिव श्रवण तिवारी, राहुल जायसवाल, शुभम कुमार, विनोद कुमार, पिंटू सिंघानिया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन समाज को नशा-मुक्त, स्वस्थ और जागरूक बनाने के अपने संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।

Buxar Medical City, Buxar Medical City 9 January 2026
Share this post
Tags